जनसमस्या निवारण कॉल सेंटर की त्वरित पहल: 24 घंटे के भीतर हितग्राही को मिला उज्ज्वला योजना के तहत गैस चूल्हा

जनसमस्या निवारण कॉल सेंटर की त्वरित पहल: 24 घंटे के भीतर हितग्राही को मिला उज्ज्वला योजना के तहत गैस चूल्हा

रायपुर, न्यूज  / विष्णु देव साय के नेतृत्व में जिला प्रशासन द्वारा आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। इसी क्रम में कलेक्टोरेट स्थित जनसमस्या निवारण कॉल सेंटर आमजन के लिए एक भरोसेमंद माध्यम के रूप में उभरकर सामने आया है।

धर्मनगर पचपेड़ी नाका निवासी टिकेश्वर साहू ने बताया कि उन्होंने अपनी पत्नी के नाम से प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत आवेदन किया था। गैस कनेक्शन स्वीकृत होने के बाद एजेंसी द्वारा चूल्हा उपलब्ध नहीं होने की जानकारी दी गई और उन्हें स्वयं खरीदने के लिए कहा गया। इस पर उन्होंने जिला प्रशासन के जनसमस्या निवारण कॉल सेंटर में संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत प्राप्त होने के बाद संबंधित विभाग द्वारा त्वरित कार्यवाही की गई और मात्र 24 घंटे के भीतर गैस एजेंसी द्वारा उन्हें चूल्हा उपलब्ध करा दिया गया। टिकेश्वर साहू ने बताया कि अब उनका परिवार योजना का पूरा लाभ प्राप्त कर रहा है और उन्होंने इस त्वरित समाधान के लिए मुख्यमंत्री एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

उल्लेखनीय है कि कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा जनसमस्या निवारण कॉल सेंटर का संचालन किया जा रहा है, जिसके माध्यम से आम नागरिक अपनी समस्याएं दर्ज कर त्वरित समाधान प्राप्त कर सकते हैं।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी समस्याओं के समाधान हेतु मोबाइल नंबर 9977222564, 9977222574, 9977222584 एवं 9977222594 पर संपर्क कर जनसमस्या निवारण कॉल सेंटर की सुविधा का लाभ उठाएं।