पशु-पक्षियों के प्रति संवेदनशीलता के साथ मनाएं होली* *भारतीय जीव जन्तु कल्याण बोर्ड की अपील
पशु-पक्षियों के प्रति संवेदनशीलता के साथ मनाएं होली*
*भारतीय जीव जन्तु कल्याण बोर्ड की अपील
बिलासपुर, न्यूज /होली के पर्व को मानवीय और करुणापूर्ण ढंग से मनाने के उद्देश्य से भारतीय जीव जन्तु कल्याण बोर्ड (भारत सरकार) ने नागरिकों से पशु-पक्षियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है। बोर्ड ने कहा है कि होली आनंद, सद्भाव और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है, इसलिए उत्सव के दौरान यह ध्यान रखा जाना चाहिए कि किसी भी जीव को कष्ट न पहुंचे। बोर्ड के अनुसार तेज आवाज, पटाखों की ध्वनि, अचानक रंग फेंकना तथा रासायनिक रंगों का प्रयोग पशुओं और पक्षियों के लिए अत्यंत हानिकारक हो सकता है। इनसे उनकी त्वचा और आंखों को नुकसान पहुंच सकता है तथा वे भयभीत होकर आक्रामक भी हो सकते हैं। इसलिए जानवरों पर रंग डालने, रंगीन पानी फेंकने या उन्हें जबरन पकड़ने जैसी गतिविधियों से बचने की सलाह दी गई है।
जारी परामर्श में कहा गया है कि पालतू जानवरों को सुरक्षित और शांत स्थान पर रखें तथा भीड़भाड़ और शोरगुल वाले क्षेत्रों से दूर रखें। साथ ही, होलिका दहन के बाद बचे अवशेष, प्लास्टिक कचरा या अन्य हानिकारक पदार्थ खुले में न छोड़ें, ताकि जानवर उन्हें खाकर बीमार न हों। बोर्ड ने नागरिकों से प्राकृतिक एवं पर्यावरण-अनुकूल रंगों का उपयोग करने, जरूरत पड़ने पर घायल पशुओं को स्वच्छ पानी से धोने और नजदीकी पशु चिकित्सक से संपर्क करने की भी अपील की है। भारतीय जीव जन्तु कल्याण बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि पशु क्रूरता निवारण कानूनों के तहत पशुओं के प्रति अमानवीय व्यवहार दंडनीय है। अतः सभी नागरिक जिम्मेदारी के साथ होली मनाएं और प्रेम, सहानुभूति व करुणा का संदेश दें।
// रितेश केशरी कि रिपोर्ट बिलासपुर छ ग//





