राशन दुकानों में चावल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करें : कलेक्टर

राशन दुकानों में चावल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करें : कलेक्टर

राशन दुकानों में चावल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करें : कलेक्टर

दिसंबर के राशन वितरण की तैयारियों और कस्टम मिलिंग की समीक्षा, मिलर्स को शेष चावल जल्द जमा करने के निर्देश

बिलासपुर न्यूज / कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने दिसंबर माह में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशन वितरण के लिए चावल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी उचित मूल्य दुकान में चावल की कमी से हितग्राहियों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। कलेक्टर ने आज जिला कार्यालय के मंथन सभाकक्ष में खाद्य विभाग, विपणन संघ, भारतीय खाद्य निगम एवं राइस मिलर्स की बैठक लेकर कस्टम मिलिंग और चावल जमा करने की प्रगति की समीक्षा की।

कलेक्टर ने खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में उपार्जित धान की कस्टम मिलिंग के बाद नागरिक आपूर्ति निगम तथा भारतीय खाद्य निगम में शेष चावल जमा करने में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने मिलर्स से कहा कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप चावल जमा करें और लंबित मात्रा का निराकरण प्राथमिकता से करें। विशेष रूप से एफसीआई में 15 दिनों से अधिक समय से चावल जमा करने के लंबित मामलों की समीक्षा कर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

बैठक में बताया गया कि जिले में जारी डीओ के अनुपात में देय 7 लाख 6 हजार 445.88 मीट्रिक टन चावल के विरुद्ध अब तक 3 लाख 60 हजार 98.62 मीट्रिक टन चावल जमा किया गया है। यह देय मात्रा का 50.97 प्रतिशत है। नागरिक आपूर्ति निगम में 1 लाख 94 हजार 988.09 मीट्रिक टन और भारतीय खाद्य निगम में 1 लाख 65 हजार 110.53 मीट्रिक टन चावल जमा हुआ है। दोनों एजेंसियों में कुल 3 लाख 46 हजार 347.26 मीट्रिक टन चावल जमा किया जाना शेष है।

कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को चावल जमा करने की प्रगति की नियमित निगरानी करने और मिलर्स के साथ समन्वय बनाकर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने दिसंबर के राशन वितरण की आवश्यकताओं के अनुरूप समय पर चावल की उपलब्धता तथा धान खरीदी कार्य के सुचारू संचालन के लिए जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में खाद्य नियंत्रक श्री अमित कुजूर, जिला विपणन अधिकारी श्री उपेंद्र कुमार, भारतीय खाद्य निगम के प्रबंधक श्री अनूप कुमार सहित राइस मिलर्स एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं जिले के राइस मिलर्स उपस्थित थे।

// रितेश केशरी कि रिपोर्ट बिलासपुर छ ग//