मोहर्रम पर शांति और सुरक्षा के लिए प्रशासन की तैयारी


मोहर्रम पर शांति और सुरक्षा के लिए प्रशासन की तैयारी


बिलासपुर न्यूज /मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी  ने कल 26 जून 2026 को मोहर्रम पर्व के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने हेतु विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। जारी आदेश के अनुसार मोहर्रम के दसवें दिन यानी 26 जून 2026 को सायंकाल 5 बजे से इमाम बाड़ों से सवारिया व ताजिया के साथ विशाल जुलूस निकाला जाएगा, जिसका नगर भ्रमण के बाद देर रात्रि विसर्जन किया जाएगा।
 शांति व्यवस्था और जनसुविधा को ध्यान में रखते हुए पुलिस विभाग को ताजिया एवं सवारी स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था कायम रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने को कहा गया है। नागरिकों की सुविधा के लिए नगर के प्रमुख मार्गों पर एकतरफा यातायात व्यवस्था लागू रहेगी तथा भारी वाहनों और चार पहिया वाहनों का प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। इसके साथ ही पार्किंग व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी उचित प्रबंध किए जाएंगे। नगर पालिक निगम को निर्देशित किया गया है कि वे पर्व के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों, महत्वपूर्ण स्थलों में साफ-सफाई, दिनभर पेयजल की आपूर्ति और प्रकाश की विशेष व्यवस्था सुनिश्चित करें।
 स्वास्थ्य सुविधाओं के मद्देनजर सिम्स और जिला अस्पताल को आपातकालीन व्यवस्था के लिए अलर्ट किया गया है, जिसके तहत 108 एम्बुलेंस मय स्टाफ सिटी कोतवाली और पुलिस नियंत्रण कक्ष में तैनात रहेंगी। अस्पतालों में डॉक्टरों और सहयोगी कर्मचारियों की शिफ्ट-वाइज ड्यूटी लगाई जाएगी तथा आवश्यक दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक रखा जाएगा। किसी भी अप्रिय घटना या आपात स्थिति से निपटने के लिए एस.ई.सी.एल. और जिला सेनानी (नगर सेना) द्वारा सरकंडा थाना, सिटी कोतवाली एवं पुलिस कंट्रोल रूम में फायर ब्रिगेड की गाड़ियाँ मय सुरक्षा टीम व स्टाफ के मुस्तैद रखी जाएंगी। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे पर्व के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखें और गड़बड़ी की स्थिति में तत्काल सुधार के लिए कर्मचारियों का एक विशेष दल तैनात रखें। जिला प्रशासन ने इस आदेश की प्रतिलिपि शांति समिति के सदस्यों को सूचनार्थ भेजा है। साथ ही सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों और थाना प्रभारियों को भी प्रतिलिपि भेजते हुए सौंपे गए दायित्वों का कड़ाई से पालन करने को कहा है, ताकि बिलासपुर में मोहर्रम का पर्व आपसी सौहार्द और शांति के साथ संपन्न हो सके।

// रितेश केशरी कि रिपोर्ट बिलासपुर छ ग //